Minor Arrested with Illegal Weapon in Gwalior, Police Launch Investigation
ग्वालियर: जिले में डबरा देहात पुलिस ने सोमवार रात एक 17 वर्षीय नाबालिग को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 315 बोर की एक अधिया और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई चीनोर रोड स्थित मिश्रा गैस गोदाम के सामने गश्त के दौरान की गई। संदिग्ध स्थिति में बैठे युवक को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास अवैध हथियार मिला। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला था, जिसमें एक युवक अवैध हथियार के साथ रील बनाते हुए नजर आ रहा था। इसी आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि मिश्रा गैस गोदाम के पास एक युवक किसी वारदात की योजना बनाकर बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसकी कमर से 315 बोर की अधिया बरामद हुई, जिसमें एक जिंदा कारतूस भी मौजूद था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
पुलिस ने अवैध हथियार जब्त कर नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाया गया और वह किस घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था।
