Chhattisgarh Shock: Widow Paraded Half-Naked Over Alleged Affair, Assaulted and Humiliated in Village
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पेंड्रा थाना क्षेत्र के खोडरी चौकी अंतर्गत ग्राम रानीझाप में एक विधवा महिला के साथ क्रूरता और अपमानजनक व्यवहार किया गया। अवैध संबंध के आरोप में महिला को बेरहमी से पीटा गया, उसकी साड़ी उतारकर अर्धनग्न हालत में पूरे गांव में घुमाया गया और उसके चेहरे पर गोबर पोत दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार 24 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे की है। पीड़िता की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। करीब एक वर्ष पहले उसके पति का निधन हो गया था। इसके बाद उसका गांव के ही एक विवाहित व्यक्ति हरि प्रसाद राठौर से प्रेम संबंध बताया जा रहा है।
हरि प्रसाद की शादी पहले से हो चुकी है और उसकी दो छोटी बेटियां हैं। बताया गया कि 29 अक्टूबर 2025 को महिला और हरि प्रसाद गांव छोड़कर मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ग्राम मालाचुवा में रहने चले गए थे।
गांव लौटने के बाद बढ़ा विवाद
शुक्रवार 23 जनवरी को दोनों के गांव लौटने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजन खोडरी चौकी पहुंचे, जहां महिला ने पुलिस के सामने हरि प्रसाद के साथ रहने की इच्छा जताई। पुलिस द्वारा समझाइश के बाद दोनों को गांव लौटने दिया गया।
महिला के साथ की गई बर्बरता
शुक्रवार रात महिला और हरि प्रसाद गांव के ही भुल्लन गोंड़ के घर रुके थे। शनिवार सुबह हरि प्रसाद की पत्नी सरोज राठौर, उसका भाई मनोज राठौर, बहन यशोदा राठौर और अन्य लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने महिला को घर से घसीटकर बाहर निकाला और बीच सड़क पर उसकी पिटाई शुरू कर दी।
इसके बाद महिला की साड़ी उतार दी गई और उसे अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने महिला के चेहरे पर गोबर पोता, उसके बाल खींचे और यह कहते हुए मारपीट की कि “घर उजाड़ने की यही सजा होती है।”
महिला को गांव के मुख्य मार्ग से काली मंदिर तक ले जाया गया। इस दौरान वह लगातार रोती रही और मदद की गुहार लगाती रही।
ग्रामीणों ने कराया बचाव
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण और पीड़िता के परिजन मौके पर पहुंचे। अमर सिंह धुर्वे, दशरथ विश्वकर्मा सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर महिला को आरोपियों से छुड़ाया।
पुलिस कार्रवाई
महिला को कपड़े पहनाकर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को थाने ले गई। गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह के अनुसार, हरि प्रसाद राठौर की पत्नी, भाई और बहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल आरोपियों को जमानत पर रिहा किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
