Hospital Staff Dies After Assault, Protest Erupts in Korba
कोरबा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हुई मारपीट की एक गंभीर घटना ने अब तूल पकड़ लिया है। ड्यूटी के दौरान एक बुजुर्ग कर्मचारी के साथ की गई पिटाई के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 30 तारीख को एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई थी। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया, जहां आरोपी सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर भी पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसने कर्मचारियों पर जल्द पोस्टमार्टम करने का दबाव बनाया। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद बुजुर्ग कर्मचारी ने व्यस्तता के चलते इंतजार करने की बात कही, जिससे गुस्साए सरपंच ने उसकी पिटाई कर दी और सिर दीवार में पटक दिया।
गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान जी बाल कृष्ण चनईया के रूप में हुई है।
घटना के बाद मृतक की बेटी लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि उसके पिता को बेरहमी से पीटा गया, जिसके कारण उनकी जान चली गई। परिजन आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया है।
वहीं, अस्पताल के पोस्टमार्टम कर्मचारियों ने भी इस घटना के विरोध में पीएम कक्ष और मुख्य गेट पर ताला लगा दिया है। इसके चलते अस्पताल में रखे अन्य शवों का पोस्टमार्टम भी नहीं हो पा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, संयुक्त संचालक गोपाल कंवर ने बताया कि घटना की जानकारी पहले ही पुलिस को दे दी गई थी और परिजनों से लगातार बातचीत की जा रही है।
