10 Boxes of Illegal Liquor Seized in Damoh, Driver Absconds
दमोह (हटा): जिले के हटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कार से 10 पेटी अवैध शराब जब्त की है। पुलिस को देखते ही कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई, करीब ढाई लाख की शराब बरामद
मंगलवार रात भाटिया लुहारी क्षेत्र में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक काले रंग की कार (क्रमांक MP 20 CA 3323) में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने क्षेत्र में सर्चिंग अभियान शुरू किया।
लुहारी के पास संदिग्ध कार दिखाई देने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को कंकाली माता मंदिर के पास छोड़कर झाड़ियों की ओर भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें 10 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है।
थाना प्रभारी सुधीर बेगी के अनुसार, अज्ञात चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
