Clash Over Parking Turns Violent in Gwalior, 2 Injured
ग्वालियर: शहर के थाना क्षेत्र स्थित गौसपुरा नंबर-2 में घर के बाहर गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। लाठी-डंडों से हुए हमले में दो लोग घायल हो गए।
पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप, चार आरोपियों पर मामला दर्ज
जानकारी के अनुसार, गौसपुरा नंबर-2 निवासी 35 वर्षीय मनोज कुशवाह 31 मार्च की रात करीब 11 बजे अपने घर पहुंचे और गाड़ी घर के बाहर खड़ी कर दी। इसी बात को लेकर पड़ोसी लाखन सिंह कुशवाह और पंकज कुशवाह से उनका विवाद शुरू हो गया।
विवाद के दौरान मनोज का भाई देवेंद्र कुशवाह भी मौके पर पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच पहले से चली आ रही रंजिश के कारण झगड़ा बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि लाखन, पंकज, अमर सिंह और नितिन लाठी-डंडे लेकर आए और मनोज, देवेंद्र व सोमबीर पर हमला कर दिया। इस हमले में देवेंद्र और सोमबीर को सिर और हाथ में चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड हुआ है। इसके बाद घायल अवस्था में मनोज अपने भाई और अन्य के साथ थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
दूसरे पक्ष ने भी थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मनोज कुशवाह की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
