Drunk School Vehicle Driver Arrested, Vehicle Seized
सूरजपुर:
जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में सोमवार को यातायात पुलिस ने बड़ी लापरवाही का मामला उजागर करते हुए शराब पीकर वाहन चला रहे एक चालक को गिरफ्तार किया।
यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय अपनी टीम के साथ चंदरपुर चौक पर नियमित वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक ईको वाहन (क्रमांक CG 29 AG 6127), जिसमें स्कूली बच्चे सवार थे, जांच के लिए रोका गया।
जांच के दौरान वाहन चालक नरसिंह (उम्र 30 वर्ष), निवासी ग्राम चंदरपुर, की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें वह शराब के नशे में पाया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चालक बिना वैध परमिट के स्कूली बच्चों का परिवहन कर रहा था, जो गंभीर नियम उल्लंघन है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 (नशे में वाहन चलाना) और धारा 66/192 (बिना परमिट परिवहन) के तहत मामला दर्ज किया।
इसके साथ ही वाहन को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की और सभी बच्चों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया।
