सीतापुर, उत्तर प्रदेश। सीतापुर जिले के बिसवां कोतवाली क्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवक ने कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आदर्श (23 वर्ष), पुत्र राकेश, निवासी मोहल्ला झज्जर, बिसवां के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि आदर्श सोमवार को अपने कमरे में सोने के लिए गया था। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो परिवार के लोग कमरे में पहुंचे। वहां उन्होंने उसे फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर बिसवां कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक राम राघव सिंह ने बताया कि युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: आजाद अंसारी
स्थान: सीतापुर, उत्तर प्रदेश (4TV News)
