बहराइच, उत्तर प्रदेश। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहराइच पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, थाना रुपईडीहा और एसएसबी की संयुक्त टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान थाना क्षेत्र के दशहरा बाग में संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक महिला को रोककर तलाशी ली गई।
गिरफ्तार महिला की पहचान शकीला बीबी (करीब 40 वर्ष), पत्नी मोहम्मद इस्लाम उर्फ लालबादशाह, निवासी दशहरा बाग नई बस्ती, रुपईडीहा के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने महिला के कब्जे से 116 ग्राम अवैध स्मैक, एक मोबाइल फोन, 21 हजार रुपये भारतीय मुद्रा और 23 हजार नेपाली रुपये बरामद करने का दावा किया है।
बरामदगी के आधार पर थाना रुपईडीहा में एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी महिला को न्यायालय, बहराइच में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर आधारित है।
रिपोर्ट: मो. नदीम खान
स्थान: बहराइच, उत्तर प्रदेश (4TV News)
