औरैया, उत्तर प्रदेश। दिल्ली के सत्य निकेतन (मोती बाग) क्षेत्र में पांच मंजिला हॉस्टल इमारत गिरने की घटना में उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के दिबियापुर निवासी छात्र पवन की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे की खबर मिलते ही परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पवन दिबियापुर कस्बे के बाबू दयाराम नगर का रहने वाला था। वह अपने परिवार में चार बहनों का इकलौता भाई और सबसे छोटा सदस्य था। इसी वर्ष उसका दाखिला दिल्ली विश्वविद्यालय में बीएससी कंप्यूटर साइंस पाठ्यक्रम में हुआ था और वह सत्य निकेतन स्थित एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
परिजनों ने बताया कि पवन की प्रारंभिक शिक्षा दिबियापुर में हुई थी। उसने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, दिबियापुर से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी। जुलाई में उसका दिल्ली विश्वविद्यालय में चयन हुआ था और रक्षाबंधन के बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली गया था।
पवन के पिता फार्मासिस्ट के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि उसकी मां लंबे समय से अस्वस्थ रहती हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रिश्तेदार और स्थानीय लोग शोक व्यक्त करने के लिए परिवार के घर पहुंच रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पवन का शव शाम तक दिबियापुर पहुंचने की संभावना है। शव के आने की सूचना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
दिल्ली में हुए इस हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि कई अन्य लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया है। राहत एवं बचाव कार्य राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और अग्निशमन विभाग की टीमों द्वारा चलाया गया।
उधर, मामले में कार्रवाई करते हुए फरार हॉस्टल संचालक हरिराम बंसल को राजस्थान के भिवाड़ी से हिरासत में लिया गया है। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।
रिपोर्ट: आशुतोष अवस्थी
स्थान: औरैया, उत्तर प्रदेश (4TV News)
