20 Quintals Of Ganja Seized From Bus In Surajpur, Probe Underway
सूरजपुर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली इलाके में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक बस से लगभग 20 क्विंटल गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तस्कर बस के जरिए भारी मात्रा में गांजा परिवहन कर रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस को मजदूरों के परिवहन के बहाने इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि उसके भीतर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर ले जाया जा रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, जब्त गांजा मध्य प्रदेश के कटनी जिले तक पहुंचाया जाना था। पुलिस को सूचना मिलने के बाद जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली में बस को रोककर तलाशी ली गई, जहां से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के बाद पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। साथ ही मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस बड़ी बरामदगी के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस का मानना है कि जांच में तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।
