₹1 Lakh Rewarded Gangster Killed In Police Encounter In Ghazipur, SWAT Officer Injured
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश कमलेश चौधरी मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की फायरिंग में स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था गांव में पुलिस को होटल कारोबारी के पुत्र विनीत राय हत्याकांड के मुख्य आरोपी कमलेश चौधरी की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख कमलेश चौधरी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा के हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
गौरतलब है कि 29 मई को गाजीपुर के फुल्लनपुर क्षेत्र में होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कमलेश चौधरी समेत कई आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से कमलेश फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, कमलेश चौधरी कटरा गैंग का सक्रिय सदस्य था और उसके खिलाफ हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस अब इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने इसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
