8-Year-Old Boy Killed In Alleged Land Dispute Attack, Mother Seriously Injured
लखीमपुर खीरी में दिल दहला देने वाली वारदात, जमीन विवाद में 8 वर्षीय मासूम की हत्या
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में जमीन विवाद ने एक मासूम की जान ले ली। निघासन कोतवाली क्षेत्र के तारा नगर गांव में कथित तौर पर पारिवारिक रंजिश और जमीन के विवाद के चलते 8 वर्षीय बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, 8 वर्षीय रवि अपनी मां ज्ञानवती के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान देर रात कुछ लोग घर में घुस आए और बच्चे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। बेटे को बचाने की कोशिश कर रही मां ज्ञानवती पर भी हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल महिला ने अपने चचेरे देवर सियाराम और हरेराम पर हमले का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल मां-बेटे को तत्काल अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में मासूम रवि ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।
परिवार का कहना है कि आरोपियों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
