इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना पीपरीपुरा गांव की है, जहां राहुल यादव नामक युवक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, राहुल यादव अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन पर गोली चला दी गई। गोली लगने के बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। मृतक के परिजनों ने परिवार के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है तथा साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
