श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र के कटहा गांव में 14 वर्षीय छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के पिता ने उच्च प्राथमिक विद्यालय नगरौरा की एक शिक्षिका और उनके पति पर बच्चे के साथ मारपीट करने तथा गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है। मामले में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार, कटहा गांव निवासी अनूप कुमार कक्षा आठ का छात्र है और नगरौरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता है। छात्र के पिता जिलेदार का आरोप है कि 8 अगस्त को विद्यालय की शिक्षिका सुमन देवी और उनके पति ने बच्चे से गैस सिलेंडर, साइकिल और राशन लाने के लिए कहा। आरोप है कि इन कार्यों से मना करने पर छात्र के साथ डंडे और हाथ से मारपीट की गई तथा उसे दरवाजे से टकरा दिया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बारे में किसी को बताने पर छात्र को धमकी दी गई। घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिवार ने उसका इलाज कराया।
पीड़ित छात्र के पिता ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन और शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी तथा आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
