सीतापुर: जनपद में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कमलापुर थाना क्षेत्र के किशन खेड़ा गांव में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक महिला की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह तेज बारिश और हवाओं के दौरान मकान अचानक ढह गया। उस समय घर में मौजूद रूपरानी, पत्नी बच्चूलाल मलबे में दब गईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही कमलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सीएचसी कसमंडा भिजवाया। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने घटना की सूचना राजस्व विभाग को भी दे दी है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई और पीड़ित परिवार को राहत उपलब्ध कराई जा सके।
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले में कच्चे और जर्जर मकानों पर खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से ऐसे मकानों में रहने से बचने और खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग
स्थान: सीतापुर
