कुशीनगर: जिले में पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। कसया थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में बिजली गिरने के बाद एक झोपड़ी में आग लग गई, जिससे पूरा घर और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज बारिश के बावजूद आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। झोपड़ी धू-धू कर जलने लगी और आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। ग्रामीणों ने बारिश के बीच आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तब तक पूरी झोपड़ी आग की चपेट में आ चुकी थी।
हादसे के बाद मौके पर जले हुए बर्तन, अनाज और गृहस्थी का अन्य सामान राख में तब्दील मिला। आग से पीड़ित परिवार का भारी नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से जानकारी लेकर नुकसान का सर्वे किया। अधिकारियों ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी जल जाने से उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
रिपोर्ट: सुभाष पटेल
स्थान: कसया, कुशीनगर
