वरंगल, (मोहम्मद मुनवरुद्दीन)
शहर के जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन फॉर होम में रहने वाले बच्चों के लिए मंगलवार को एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सामाजिक संस्था वी फॉर यू (V For You) की ओर से बच्चों में पेंटिंग मटेरियल, किताबें, नोटबुक, पेन और अन्य स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कॉर्पोरेटर जन्नू अहरोन ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हर बच्चे के अंदर एक कलाकार छुपा होता है। बच्चों की मानसिक परिपक्वता, सोच और उनकी रचनात्मक क्षमता एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करते हैं और उन्हें सकारात्मक सोच की ओर ले जाते हैं।
वी फॉर यू संस्था के प्रतिनिधि जन्नू क्रांति ने कहा कि ऑब्जर्वेशन होम में रहने वाले बच्चों को समाज से कटा हुआ महसूस नहीं होना चाहिए। सपने देखना और उन्हें रंगों के जरिए कागज पर उतारना बच्चों को अपने व्यवहार और भविष्य को बेहतर बनाने में मदद करता है। उन्होंने इस नेक काम के लिए सहयोग करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता श्रीनिवास पप्पू का तहे दिल से धन्यवाद किया जिन्होंने यह सारा मटेरियल उपलब्ध कराया।
इस मौके पर ऑब्जर्वेशन फॉर होम की सुपरवाइजर वाडापल्ली श्रीदेवी, स्वप्ना, स्टाफ और बच्चे मौजूद थे। अंत में बच्चों ने पेंटिंग बनाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
