बागपत। रक्षाबंधन पर्व से पहले मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मावे से भरे एक कैंटर को पकड़ा। जांच के दौरान 210 किलोग्राम मावा मौके पर ही नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 56,700 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान टीम ने 43 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर भी सीज किया और मिलावट की आशंका के चलते पांच विधिक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए।
यह कार्रवाई टटीरी टोल पर की गई, जहां मावा कथित रूप से अस्वच्छ परिस्थितियों में ले जाया जा रहा था। खाद्य विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान टीम के साथ अभद्रता की गई और वाहन चालक कैंटर लेकर मौके से फरार हो गया।
मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
