बुलंदशहर। बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में आरोपी नौशाद गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान नौशाद पुत्र साबू, निवासी बन्ना देवी, अलीगढ़ के रूप में हुई है। मुठभेड़ के बाद उसे उपचार के लिए सूरजमल जटिया अस्पताल, खुर्जा भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 12 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस का दावा है कि नौशाद पर करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह 2 सितंबर को खुर्जा कोतवाली क्षेत्र की प्रीत विहार कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना में भी वांछित चल रहा था।
यह मुठभेड़ ककोड़ रोड स्थित भोगपुर के जंगल के पास हुई, जहां पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर : —
स्थान : बुलंदशहर
