फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सीमांचल एक्सप्रेस से गिरकर एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा रसूलाबाद रेलवे स्टेशन के समीप हुआ, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेगूसराय (बिहार) निवासी मोहन अपने परिवार के साथ सीमांचल एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी ट्रेन की मिडिल बर्थ पर मासूम कनिष्क के साथ सो रही थीं। इसी दौरान बच्चा बर्थ से खिसककर चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे अधिकारियों और जीआरपी ने तलाश शुरू की। बाद में रसूलाबाद रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे मासूम का शव बरामद हुआ।
जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्टर : —
स्थान : फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)
