इटावा। इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह माह के मासूम समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद रक्षाबंधन की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
पुलिस के अनुसार, हादसा कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर खेड़ा महाराजपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंस गई और चालक उसे करीब एक किलोमीटर तक घसीटता ले गया। इसके बाद ट्रक चालक चंदनपुर ओवरब्रिज के पास बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे में मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मौह थाना क्षेत्र के इटायली गांव निवासी 28 वर्षीय निशा कुमारी और उनकी 19 वर्षीय बहन आशी की मौत हो गई। निशा रक्षाबंधन के अवसर पर अपने पति नीरज गोयल, छह माह के बेटे शिवांश और परिवार के साथ मायके आई थीं। रविवार सुबह दोनों बहनें अपने भाई आयुष के साथ ग्वालियर जाने के लिए रेलवे स्टेशन के लिए निकली थीं, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने निशा और आशी को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिवांश, नीरज गोयल और आयुष का उपचार जारी है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
रक्षाबंधन के अवसर पर मायके आई दोनों बहनों की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। जिस भाई की कलाई पर दोनों बहनें राखी बांधने आई थीं, उसी भाई के सामने यह दर्दनाक हादसा हो गया। मां अनीता, छोटी बहन तान्या और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट: कुलदीप राजपूत, इटावा
