बरेली: बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मौसी और भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों एसआरएमएस अस्पताल से दवा लेकर घर लौट रहे थे, तभी पीलीभीत रोड पर अलादपुर चौकी क्षेत्र के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक दोनों को कुचलता हुआ निकल गया।
मृतकों की पहचान खाई खेड़ा गांव निवासी ग्राम प्रधान वीरपाल के 21 वर्षीय पुत्र देव पटेल और उनकी 32 वर्षीय मौसी नीलम पटेल, पत्नी सुरेंद्र, निवासी बारीनगला (थाना कैंट) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों एसआरएमएस अस्पताल से दवा लेकर डोहरा रोड स्थित अपने मकान लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही इज्जतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेजा। पंचनामा भरने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने हादसे के जिम्मेदार ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
