अम्बेडकरनगर: थाना मालीपुर क्षेत्र के ग्राम तेन्दुआ दियरा में हुए अजय शुक्ला हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि अजय शुक्ला की जमीन हड़पने के लालच में उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई थी।
मृतक की बहन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच और पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने अजय को शराब पिलाने के बहाने अपने साथ ले गए। नशे की हालत में पहले उसके सिर पर चाकू से वार किया गया और फिर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या को हादसा साबित करने के लिए आरोपियों ने शव के पैर के अंगूठे में पंखे की बिजली की तार बांधकर करंट प्रवाहित किया, ताकि मामला बिजली के करंट से हुई मौत जैसा लगे।
पुलिस ने इस मामले में अनिरुद्ध मिश्रा (23) निवासी मारूपुर माउख, थाना सम्मनपुर और सोनी शुक्ला (35) निवासी तेन्दुआ दियरा, थाना मालीपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
