उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जल भरकर अपने गांव लौट रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। इनमें एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जैतीपुर थाना क्षेत्र के बमियाना गांव से 15 से 20 कांवड़ियों का जत्था बेलाडांडी से गंगाजल भरकर अपने गांव लौट रहा था। शुक्रवार सुबह नवादा रोड पर मानपुर गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक ट्रैक्टर-ट्रॉली को करीब 200 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया।
घायलों को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल गुड्डू कश्यप और अमन सिंह ठाकुर को बरेली जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
हादसे में घायल शिवम मिश्रा, अंकित मिश्रा, छोटे मिश्रा, जतिन समेत करीब 13 कांवड़ियों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के जिम्मेदार ट्रक चालक की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
