उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल से घर लौट रही 5 वर्षीय बच्ची की स्कूल बस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, थाना अवागढ़ क्षेत्र के नगला गलुआ गांव की रहने वाली 5 वर्षीय डिम्पल, पुत्री विवेक, स्कूल से बस के जरिए घर लौट रही थी। आरोप है कि बस से उतरते समय वह अचानक बस के टायर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मासूम बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी इस हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
