महोबा। शहर कोतवाली क्षेत्र में बड़ी चंद्रिका और छोटी चंद्रिका देवी मंदिर के बीच स्थित मदन सागर तालाब में डूबने से एक 32 वर्षीय व्यापारी की मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की करीब चार घंटे तक चली रेस्क्यू कार्रवाई के बाद शव को बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, नवीन गल्ला मंडी के व्यापारी चंदू साहू अपने चार दोस्तों के साथ लगातार हो रही बारिश के बीच सिद्ध बाबा पहाड़ की ओर घूमने जा रहे थे। इसी दौरान मदन सागर तालाब के पुल पर रुकने के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में गिर गए।
घटना के तुरंत बाद उनके साथ मौजूद एक दोस्त ने तालाब में छलांग लगाकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
करीब चार घंटे की तलाश के बाद व्यापारी का शव तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि व्यापारियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
सदर एसडीएम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं सीओ सिटी रविकांत गोड ने बताया कि पुलिस मृतक के साथियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है तथा मामले की जांच जारी है।
