अमरोहा। कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना गजरौला में पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी (CO) और थाना प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों को कांवड़ मार्गों पर नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी मुनिराज ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। अमरोहा पुलिस पूरी यात्रा के दौरान सतर्क रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी।
