शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र में गांव की जर्जर सड़क और आवारा पशुओं की समस्या से नाराज तीन युवक पानी की टंकी पर चढ़ गए। युवकों ने अपनी मांगें पूरी न होने पर टंकी से कूदकर जान देने की चेतावनी दी। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा।
यह घटना खुदागंज थाना क्षेत्र के तहरपुर गांव की है। यहां जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी पर चढ़े युवकों का आरोप था कि गांव की मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि खराब सड़क के कारण बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी होती है।
युवकों ने गांव में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या को भी प्रमुख मुद्दा बताया। उनका आरोप था कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे ग्रामीण लगातार परेशान हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हंगामे के दौरान एक युवक ने टंकी से नीचे कूदने का भी प्रयास किया। तीनों युवकों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई का भरोसा नहीं दिया गया तो वे आत्मघाती कदम उठा सकते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवकों से बातचीत कर उन्हें समझाया और गांव की सड़क की मरम्मत तथा आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान टंकी के नीचे बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए।
प्रशासन के आश्वासन के बाद तीनों युवक सुरक्षित टंकी से नीचे उतर आए। फिलहाल स्थिति सामान्य है। अब ग्रामीणों की नजर इस बात पर है कि प्रशासन अपने आश्वासन पर कितनी जल्द अमल करता है।
रिपोर्ट: महेन्द्र चावला, शाहजहांपुर
