बरेली: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के तहत बरेली जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने परसाखेड़ा स्थित ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) वेयरहाउस का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी सीसीटीवी कैमरे हर समय सुचारु रूप से संचालित रहें।
डीएम अविनाश सिंह ने स्पष्ट कहा कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए तथा सुरक्षा और रखरखाव की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की कमी या तकनीकी समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान ईवीएम प्रभारी एवं बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी पवन कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: प्रवीन कुमार शर्मा, बरेली
