Three Arrested For Extortion And Assault On Telecom Workers In Chhatarpur
छतरपुर। छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में टेलीकॉम कंपनी की लाइन बिछाने वाले कर्मचारियों से कथित रूप से जबरन पैसों की मांग, मारपीट और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त महिंद्रा थार वाहन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, गर्रौली रोड क्षेत्र में टेलीकॉम कंपनी के कर्मचारी लाइन बिछाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनसे जबरन पैसों की मांग की। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और उनकी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया।
घटना की शिकायत मिलने के बाद नौगांव थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मोहित उर्फ चेतन गंगेले, इरफान खान और अंजुल सुल्लेरे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई महिंद्रा थार वाहन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी इरफान खान के खिलाफ अवैध हथियार, अवैध शराब और मारपीट सहित पांच मामले दर्ज हैं। वहीं मोहित गंगेले पर गृह उत्पीड़न, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और मारपीट के तीन मामले तथा अंजुल सुल्लेरे पर जुआ और अवैध शराब से जुड़े दो मामले पूर्व से दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
