जालौन। जिले के कदौरा ब्लॉक स्थित दशहरी गांव के कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की कथित लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। आरोप है कि विद्यालय समय पर नहीं खुलता और कई बार बच्चों को ही स्कूल खोलने की जिम्मेदारी उठानी पड़ती है, जिससे उनकी सुरक्षा और पढ़ाई दोनों प्रभावित हो रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में तैनात कुछ शिक्षक नियमित रूप से निर्धारित समय पर नहीं पहुंचते। आरोप है कि कोई शिक्षक सुबह करीब 9 बजे तो कोई 10 बजे तक विद्यालय पहुंचता है। इससे बच्चों को स्कूल परिसर के बाहर इंतजार करना पड़ता है और उनकी पढ़ाई का समय भी प्रभावित होता है।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि कई बार बच्चों को विद्यालय की चाबी सौंप दी जाती है, जिसके बाद वे स्वयं स्कूल खोलते हैं। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब छोटे बच्चे ही विद्यालय खोल रहे हैं तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में तैनात शिक्षक केशवनंद, रवि तथा एक महिला शिक्षिका के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो बच्चों की शिक्षा पर इसका गंभीर असर पड़ेगा।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा विद्यालय में शिक्षकों की नियमित और समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में संबंधित शिक्षा विभाग या विद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रिपोर्टर : —
स्थान : जालौन (उत्तर प्रदेश)
