बलरामपुर: जिले में पिछले 72 घंटों से लगातार हो रही बारिश और आंधी-तूफान ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। खराब मौसम के चलते जिलेभर में बड़े पैमाने पर विद्युत ढांचे को नुकसान पहुंचा है, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार, जिले में करीब 470 बिजली के पोल और 45 से अधिक ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर 33/11 केवी विद्युत लाइनें भी टूट गई हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देश पर विद्युत विभाग की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर क्षति का आकलन और मरम्मत कार्य में जुटी हैं। हालांकि, लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर मरम्मत कार्य करना फिलहाल सुरक्षित नहीं है।
प्रशासन का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों, पोल और ट्रांसफॉर्मरों को दुरुस्त किया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गिरे हुए बिजली के तारों और क्षतिग्रस्त पोलों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत विद्युत विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें।
रिपोर्ट: विजयपाल सिंह
स्थान: बलरामपुर
