कानपुर नगर: शहर के चकेरी थाना क्षेत्र की लालबंगला चौकी अंतर्गत शिव कटरा इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ऑटो रिक्शा के पिछले हिस्से में अजगर दिखाई दिया। अचानक अजगर नजर आने से चालक और आसपास मौजूद लोग घबरा गए।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। ऑटो में बैठे अजगर को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ऑटो के पिछले हिस्से में अजगर साफ दिखाई दे रहा है।
सूचना मिलने पर संबंधित रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने सुरक्षित तरीके से अजगर को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वन्यजीव दिखाई देने पर उसे पकड़ने या छेड़ने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
फिलहाल अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई जारी है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
रिपोर्ट: पंडित अनुपम दुबे
स्थान: कानपुर नगर
