सीतापुर। बहुचर्चित दलित बीएससी छात्रा मानसी हत्याकांड में पुलिस अधीक्षक ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए संदना थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई जांच के दौरान प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने के बाद की गई।
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर संदना थाना प्रभारी मानपाल, हल्का प्रभारी कृष्ण बिहारी चौबे, सिपाही विजय चौधरी, शिव शंकर गुप्ता और ललित मोहन को लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच में इन पुलिसकर्मियों की प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आई है।
गौरतलब है कि 25 मई को बीएससी छात्रा मानसी कॉलेज जाने के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। बाद में उसका शव लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र में किसान पथ के पास बरामद हुआ था। इस मामले में पुलिस पहले ही हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
अब पुलिसकर्मियों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
