औरैया। जनपद औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र में एक बिल्ली के साथ कथित क्रूरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दिबियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सबसुखपुरवा निवासी संदीप (26 वर्ष) पर बिल्ली के साथ मारपीट करने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दिबियापुर पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों में भी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो के बाद की गई त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की पशु क्रूरता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
