SP MP Iqra Hasan Detained Briefly in Saharanpur
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन और पुलिस के बीच विवाद का मामला सामने आया है। बुजुर्ग महिला की शिकायत लेकर DIG अभिषेक सिंह से मिलने पहुंचीं सांसद को कथित तौर पर पुलिस ने हिरासत में लेकर करीब 10 मिनट तक महिला थाने में बैठाए रखा।
इकरा हसन का आरोप है कि वह एक बुजुर्ग महिला की फरियाद लेकर DIG कार्यालय पहुंची थीं, लेकिन अधिकारी ने महिला की बात सुने बिना ही वहां से चले गए। इसके बाद सांसद कार्यालय परिसर के पार्किंग क्षेत्र में जाकर खड़ी हो गईं।
पुलिस का कहना है कि सांसद के वहां खड़े रहने से ट्रैफिक बाधित हो रहा था, जिसके चलते उन्हें महिला थाना ले जाया गया। इस दौरान करीब 10 मिनट तक उन्हें थाने में बैठाकर रखा गया, जिसके बाद मामला और गरमा गया।
घटना के दौरान एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी द्वारा हाथ लगाए जाने पर इकरा हसन नाराज होती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में सांसद कहते हुए सुनाई दे रही हैं, “हाथ मत लगाइए, इतनी भी आपकी वो नहीं है।”
घटना के बाद सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नाराजगी देखी गई। वहीं पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के तहत कार्रवाई की गई थी। फिलहाल मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
