उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में छह वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला थानगांव थाना क्षेत्र का है। आरोपी अवधराम उर्फ भोले शंकर को ग्राम बेर्रा के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का दावा है कि आरोपी के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 350 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ थानगांव थाने में दुष्कर्म, पॉक्सो (POCSO) अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
महिला एवं बालिका संबंधी अपराध में त्वरित कार्रवाई के लिए सीतापुर के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।
