गाजियाबाद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत जिलेभर में 36 टीमों को तैनात किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और आवश्यक लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की जांच की।
अभियान के दौरान 88 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच में सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सुधारात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, 50 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान बिना वैध लाइसेंस या पंजीकरण के संचालित होता मिला। विभाग ने उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लाइसेंस-पंजीकरण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
विभाग की इस कार्रवाई से जिले के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है। अधिकारियों ने सभी कारोबारियों से अपील की है कि वे वैध लाइसेंस एवं पंजीकरण के साथ ही अपने प्रतिष्ठानों का संचालन करें और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें।
