सीतापुर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने विकासखंड पहला के प्राथमिक विद्यालय चुनका में आयोजित वीएचएसएनडी सत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं और आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने एआरपी और ड्यू लिस्ट रजिस्टर के साथ ब्लड प्रेशर मशीन,
वैक्सीन और वैक्सीनेशन किट का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी कार्यकत्री से पुष्टाहार वितरण की जानकारी लेते हुए मानक के अनुरूप नियमित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं विभागीय अभिलेखों में खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। गर्भवती महिलाओं के रजिस्टर की जांच के दौरान वैक्सीनेशन में कमी और अन्य गंभीर त्रुटियां मिलने पर एएनएम के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।
इसके बाद डीएम ने प्राथमिक विद्यालय चुनका का भी निरीक्षण किया। रसोईघर में पहुंचकर पके हुए भोजन की गुणवत्ता और मिड-डे-मील के मेन्यू की जांच की, जहां भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक मिली।
विद्यालय परिसर के निरीक्षण के दौरान टूटी और क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल मिलने पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने बाउंड्रीवाल की मरम्मत कंपोजिट ग्रांट से कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने सख्त निर्देश दिए कि जब तक विद्यालय में सभी जरूरी कार्य पूरे नहीं हो जाते, तब तक प्रधानाध्यापक और सभी शिक्षकों का वेतन अग्रिम आदेश तक आहरित न किया जाए। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी का स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश भी दिए।जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से फोन पर वार्ता कर विद्यालयों की व्यवस्थाओं में लापरवाही पर नाराजगी जताई और भविष्य में ऐसी लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखरंजन समद्दर भी मौजूद रहे।
