उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के हथना गांव में तालाब में मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। तालाब के किनारे कई परिवार रहते हैं और आसपास बच्चों की आवाजाही भी रहती है, जिससे किसी संभावित हादसे की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब के आसपास लोग रोजमर्रा के कामों के लिए आते-जाते हैं और बच्चे भी अक्सर वहीं खेलते हैं। ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से जल्द से जल्द मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कराने की मांग की है।
ग्राम प्रधान आशीष पांचाल ने बताया कि तालाब को खाली कराने के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। वहीं, वन विभाग के रेंजर कोमल सिंह के अनुसार तालाब काफी बड़ा है और पानी का स्तर कम होने या तालाब खाली होने के बाद ही मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू संभव हो सकेगा।
फिलहाल ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। प्रशासन और वन विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।
