सीतापुर: कौशाम्बी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट और 11 लोगों की मौत के बाद सीतापुर प्रशासन भी सतर्क हो गया है। इसी क्रम में थाना तंबौर क्षेत्र स्थित आवेश फायर वर्क्स का प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और नियमों के अनुपालन की जांच की।
निरीक्षण के दौरान मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी (सीओ) और थाना प्रभारी बृजेश कुमार राय फैक्ट्री पहुंचे और वहां मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने फैक्ट्री परिसर और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की।
जांच के दौरान मजिस्ट्रेट ने फैक्ट्री से करीब 40 फीट की दूरी पर बने आवास को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और उप जिलाधिकारी (एसडीएम) से मुलाकात कर दो दिनों के भीतर स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक अधिकारियों के अचानक निरीक्षण से क्षेत्र में हलचल मच गई। कौशाम्बी हादसे के बाद पटाखा फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों और वैधानिक नियमों के पालन को लेकर प्रशासन की बढ़ी हुई सतर्कता साफ दिखाई दी।
फिलहाल निरीक्षण के बाद संबंधित रिपोर्ट तैयार की जा रही है। अब जांच पूरी होने के बाद प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग, सीतापुर
