श्रावस्ती। जमुनहा तहसील में प्रधानमंत्री पोषण योजना से जुड़ी रसोइयों के लिए रविवार को बड़ी सौगात की घोषणा की गई। अब रसोइयों को 2,000 रुपये की जगह 3,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इसके अलावा 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा और 2 लाख रुपये के सामाजिक सुरक्षा बीमा का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
तहसील सभागार में आयोजित सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल संबोधन का प्रसारण किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रसोइयों के मानदेय में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी और वर्दी के लिए मिलने वाली वार्षिक राशि को 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये करने की घोषणा की।
कार्यक्रम में मानदेय वृद्धि से संबंधित चेक तीन रसोइयों को वितरित किए गए, जबकि कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी लाभार्थियों को सौंपे गए। नई सुविधाओं की जानकारी मिलने पर रसोइयों ने खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर करीब 100 रसोइयों के साथ तहसीलदार, नायब तहसीलदार, बीईओ सिरसिया, बीईओ जमुनहा, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संचालन प्रधानाध्यापक इकबाल अहमद शाह ने किया।
सरकार की इन घोषणाओं से पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयों को आर्थिक सहायता के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।
