शिवपुरी: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले को आज एक बड़ी औद्योगिक सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री Mohan Yadav और केंद्रीय मंत्री Jyotiraditya Scindia शिवपुरी के पोलो ग्राउंड में अडानी समूह के करीब ₹2,500 करोड़ की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करेंगे।
बताया जा रहा है कि यह परियोजना दक्षिण एशिया के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के मिसाइल इकोसिस्टम के रूप में विकसित की जाएगी। इस प्लांट के माध्यम से रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ ही देश के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को भी मजबूती मिलेगी।
डिफेंस प्लांट के शिलान्यास के अलावा मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जिले को ₹211.29 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं की भी सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन शामिल है।
इस परियोजना से क्षेत्र में हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय एमएसएमई इकाइयों को डिफेंस सप्लाई चेन से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 2:40 बजे हेलीकॉप्टर से शिवपुरी पहुंचेंगे और पोलो ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होकर विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे।
