चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब के कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान विभिन्न दलों से जुड़े कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी भी भाजपा में शामिल हुए।
कार्यक्रम में पटियाला लैंड मॉर्गेज बैंक के प्रधान हरप्रीत चठ्ठा, पटियाला सब्जी मंडी एवं आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अमनदीप कंबोज सहित कई प्रमुख लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली।
इसके अलावा विपक्षी दलों के कई पदाधिकारियों, दो दर्जन से अधिक सरपंचों, पंचों और पूर्व सरपंचों ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की नीतियों और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और जनकल्याण की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए सदस्यों के जुड़ने से पार्टी संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ेगी।
भाजपा में शामिल हुए नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए जनहित और विकास के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
