Sagar Cantt Police Arrests Externed Criminal Farhan Bakaradi Before Major Crime Plot
सागर कैंट: पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जिला बदर किए गए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले में गुंडे-बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
कैंट थाना प्रभारी रोहित ठोंगरे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिला बदर अपराधी फरहान बकरादी सादर क्षेत्र के 12 मुहाल इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार फरहान बकरादी पर दंगा, अवैध शराब, चोरी और मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए जिला कलेक्टर द्वारा उसे आठ महीने के लिए जिला बदर किया गया था।
बताया जा रहा है कि जिला बदर की अवधि पूरी होने से पहले ही आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते वह वारदात से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
