Safety Concerns Rise In Noida Housing Societies After Ceiling Plaster Collapse
गौड़ सिटी में छत का प्लास्टर गिरने से दहशत, हाईराइज सोसायटियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में रहने वाले हजारों परिवारों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। ताजा मामला गौड़ सिटी वन की एक आवासीय इमारत से सामने आया है, जहां एक फ्लैट के कमरे की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। घटना के समय कमरे में मौजूद व्यक्ति बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, गौड़ सिटी वन के छठे एवेन्यू स्थित एक फ्लैट में अचानक छत का हिस्सा टूटकर नीचे गिर पड़ा। प्लास्टर सीधे उस स्थान पर गिरा जहां परिवार का सदस्य बैठा हुआ था। हालांकि इस घटना में कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन हादसे ने निवासियों के बीच भय और चिंता बढ़ा दी है।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में एक अन्य आवासीय सोसायटी में प्लास्टर गिरने से एक व्यक्ति की मौत का मामला चर्चा में रहा था। इसके बाद से हाईराइज इमारतों की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं।
स्थानीय निवासियों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों का कहना है कि कई सोसायटियों में समय पर स्ट्रक्चरल ऑडिट नहीं कराया जा रहा है। उनका आरोप है कि रखरखाव शुल्क नियमित रूप से वसूला जाता है, लेकिन इमारतों की सुरक्षा और मरम्मत के जरूरी कार्यों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।
निवासियों ने संबंधित अधिकारियों और बिल्डरों से सभी पुरानी और बहुमंजिला इमारतों का व्यापक स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़े हादसे हो सकते हैं।
फिलहाल घटना के बाद सोसायटी के निवासियों में चिंता का माहौल है और वे भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
