रामपुर (उत्तर प्रदेश): रामपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 किलोग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना भोट पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने थाना भोट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में अफीम के अलावा 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, छह मोबाइल फोन और हजारों रुपये की नकदी भी बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से मिली एक स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत सीज कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रामपुर और उत्तराखंड के निवासी शामिल हैं। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत थाना भोट में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनुराग सिंह ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
रिपोर्टर: आबिद हुसैन
स्थान: रामपुर, उत्तर प्रदेश
