कुशीनगर (उत्तर प्रदेश): नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बीच कुशीनगर के एक छह वर्षीय बच्चे ने इंसानियत और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की है। बच्चे ने पिछले एक वर्ष से अपनी गुल्लक में जमा की गई पूरी धनराशि नेपाल के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए दान करने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, पड़रौना थाना क्षेत्र के बेतीया गांव निवासी अल्काज शेख ने इस संबंध में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है। पत्र में उसने अनुरोध किया है कि उसकी गुल्लक में जमा पूरी राशि स्वीकार कर उसे नेपाल बाढ़ राहत कोष में जमा कराया जाए, ताकि यह सहायता जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।
अल्काज ने अपने पत्र में बताया कि वह पिछले एक साल से अपनी गुल्लक में पैसे जमा कर रहा था। सोशल मीडिया पर नेपाल में आई बाढ़ की भयावह तस्वीरें और प्रभावित लोगों की पीड़ा देखने के बाद उसने अपनी बचत जरूरतमंदों की मदद के लिए समर्पित करने का फैसला किया।
बच्चे ने लिखा कि नेपाल में बाढ़ के कारण कई लोगों ने अपने परिजनों, घरों और आजीविका को खो दिया है। ऐसे में वह अपनी छोटी-सी बचत के माध्यम से पीड़ित परिवारों की सहायता करना चाहता है।
महज छह साल की उम्र में समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा की यह भावना लोगों के लिए प्रेरणादायक बन गई है। अल्काज शेख की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है और लोग इसे मानवता का सच्चा उदाहरण बता रहे हैं।
अब सभी की नजर जिला प्रशासन पर है कि वह इस नन्हे बच्चे की भावनाओं का सम्मान करते हुए उसकी गुल्लक की राशि को नेपाल बाढ़ राहत के लिए किस प्रकार संबंधित राहत कोष तक पहुंचाता है।
रिपोर्टर: अहमद हुसैन
स्थान: कुशीनगर, उत्तर प्रदेश
