दतिया। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल द्वारा आयोजित जनसुनवाई आमजन के लिए भरोसे का केंद्र बनती जा रही है। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे लगभग 67 आवेदकों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एक साइबर धोखाधड़ी मामले में मिली सफलता चर्चा का विषय रही। आवेदक हरिराम मिश्रा और महेश कुमार ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष उपस्थित होकर उनका आभार व्यक्त किया। दोनों ने बताया कि साइबर ठगों ने उनके खातों से लगभग 90 हजार रुपये की ठगी कर ली थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी राशि वापस दिलाई। राशि वापस मिलने पर दोनों फरियादियों ने पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल का माल्यार्पण कर धन्यवाद ज्ञापित किया।
वहीं जनसुनवाई में ग्राम सिनावल निवासी किसान रामेश्वर विश्वकर्मा ने भी अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दबंगों द्वारा उनके खेत तक पहुंचने वाले एकमात्र रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे उनकी खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उन्हें भूमि बेचने का दबाव बनाया जा रहा है, धमकियां दी जा रही हैं और परिवार को गांव छोड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
किसान ने यह भी बताया कि इस विवाद के कारण उनके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और परिवार का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल जांच के निर्देश दिए तथा संबंधित थाना स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही की शिकायत की भी जांच कराने का आश्वासन दिया।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के बाद कई आवेदक पुलिस की त्वरित कार्यप्रणाली और समस्याओं के समाधान के प्रति सकारात्मक रवैये से संतुष्ट नजर आए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल एवं दतिया पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत चावला, दतिया एसडीओपी आकांक्षा जैन, भांडेर एसडीओपी पूनम सिंह यादव, बड़ौनी एसडीओपी विनायक शुक्ला, सेवड़ा एसडीओपी अजय चन्ना सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
