Prayagraj Hotel Fire
उत्तर प्रदेश: के प्रयागराज के सिविल लाइन्स इलाके में स्थित बिट्ठल होटल में सोमवार को भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक होटल के अंदर करीब 12 लोग फंसे हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग होटल के निचले हिस्से से अचानक भड़की और कुछ ही देर में पूरे भवन में फैल गई। आग लगते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाके में भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम | Fire Brigade Reaches Spot
सूचना मिलते ही सिविल लाइन्स थाना पुलिस और कई फायर टेंडर घटनास्थल पर पहुंच गए। दमकल कर्मी आग बुझाने के साथ-साथ होटल की ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि होटल के अंदर एक दर्जन से अधिक लोग मौजूद थे।
ट्रांसफार्मर ब्लास्ट से लगी आग? | Transformer Blast Suspected
आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि पास में लगे ट्रांसफार्मर में विस्फोट होने के बाद आग भड़की, जो धीरे-धीरे होटल तक पहुंच गई। प्रशासन इस एंगल से भी जांच कर रहा है। वहीं शॉर्ट सर्किट की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) चंद्र मोहन शर्मा भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए कई फायर यूनिट्स को लगाया गया है और फिलहाल प्राथमिकता होटल में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना है।
इलाके को कराया गया खाली | Area Evacuated for Safety
फिलहाल आग बुझाने का काम जारी है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सुरक्षा के मद्देनजर होटल के आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान और हादसे के असली कारणों का सही आकलन किया जा सकेगा।
